तिमारपुर में एक व्यक्ति की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। आरोप उसके दोस्तों पर है। मृतक के परिवार वालों ने एक व्यक्ति को नामजद किया है, जिसे पुलिस हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि शुरुआती जांच में रुपयों के लेन-देन को लेकर झगड़े की बात सामने आ रही है। मरने वाले की शिनाख्त राम सिंह (45) निवासी यूपी के लखीमपुर के बवौरी गांव के रूप में हुई है। राम सिंह तीन माह पहले अपने जानकार सौरव के साथ दिल्ली आया था। यहां बेलदारी करता था।
पुलिस ने बताया कि 28 अक्तूबर की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि रामा पब्लिक स्कूल के पास एक व्यक्ति अचेत पड़ा है। पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। परिचित भरत वर्मा ने पुलिस को बताया कि उपचार के दौरान राम सिंह को कुछ देर के लिए होश आया, इसी दौरान उसने बताया कि सौरव और उसके दोस्तों ने उसे पीटा है।
जांच के बाद पुलिस अधिकारियों ने बताया कि राम सिंह 28 अक्तूबर की रात 22 हजार रुपये लेकर घर पहुंचा था। उसके बाद चार दोस्तों के साथ शराब पी। नशे के दौरान उनके बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोपियों ने डंडे से पीटा। पुलिस सौरव को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है।