गुड़गांव के मौजीवाला कुआं चौपाल में देररात खूनी वारदात को अंजाम दिया गया। हत्या समेत कई संगीन अपराधों में शामिल होने वाले नामी बदमाश की उसके तीन साथियों ने गोली मारकर हत्या कर दी।
वारदात के बाद पुलिस के आला अधिकारी मौके पर पहुंच गए और घायल युवक को अस्पताल में दाखिल कराया जहां उसकी मौत हो गई। देररात चौपाल में गोलियों की गूंज के बाद लोगों में अफरातफरी फैल गई। पुलिस ने तीन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर गिरफ्तारी के प्रयास शुरु कर दिए है। जिसमें अभी तक आरोपी पकड़ में नहीं आए है।
पुलिस के अनुसार देररात गुड़गांव गांव स्थित मौजीवाला कुआं चौपाल में प्रदीप उर्फ फिल्मी ललित, मोनू व हरलू के साथ बैठकर शराब पी रहा था। शराब के नशे में चारों के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि तीनों ने मिलकर पहले प्रदीप के साथ जबरदस्त मारपीट की और उसके बाद उसे तीन गोली मार दी।
एक गोली छाती के नीचे, दूसरी पेट में और तीसरी कुल्हे पर लगी। गोली की आवाज सुनकर आसपास के घरों के लोग जाग गए। जिसके बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। देररात चौपाल में गोलीबारी के बाद लोग इकट्ठा हो गए और पुलिस को सूचना दी।
जिसके बाद मौके पर पहुंची राजेंद्रा पार्क थाना पुलिस ने जांच शुरु कर दी। देररात पुलिस के आला अधिकारियों का सूचना के बाद वे भी मौके पर पहुंच गए।
अवैध संबंधों के चलते हुई हत्या?
पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को सेकटर-38 स्थित निजी अस्पताल में दाखिल कराया जहां डॉक्टरों ने इलाज के दौरान उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस जांच में अभी तक हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हुआ है लेकिन बताया जा रहा है कि इसमें एक आरोपी ललित मृतक का भतीजा है। जिसमें कोई अवैध संबंध की बात भी सामने आ रही है।
पुलिस के अनुसार मृतक युवक पर कई आपराधिक मामले दर्ज थे। जिसमें गुड़गांव में हत्या, हत्या के प्रयास, लूट, चोरी व आर्म्स एक्ट के 14 केस थे। जबकि आरोपी ललित पर भी हत्या, आर्म्स एक्ट व चोरी के चार मामले दर्ज है।
एसीपी क्राइम राजेश कुमार के अनुसार आरोपियों को नामजद कर तलाश शुरु कर दी गई है जिसमें तीनों की उम्र 25 से 27 वर्ष के बीच है। एक आरोपी प्रदीप ऑटो चालक है।
पुलिस के अनुसार आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार कई ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है जिसमें पुलिस की सीआईए यूनिट भी काम कर रही है। सोमवार को पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से मृतक का पोस्टमार्टम करा उसे परिजनों को सौंप दिया।