जेल से निकलने के बाद फिर से ड्रग्स का धंधा करने वाले एक नाइजीरियाई युवक को मोहन गार्डन थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 40 ग्राम कोकीन बरामद की है। आरोपी भारत में अवैध रूप से रह रहा था। पुलिस मामले की छानबीन में जुटी है।
जिला पुलिस उपायुक्त ऐंटो अल्फोंस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी की पहचान उजोमा (39) के रूप में हुई है। पुलिस को सूचना मिली थी कि उजोमा ड्रग्स के कारोबार में लिप्त है और शुक्रवार को कोकीन की खेप लेकर 55 फीट रोड पर आने वाला है।
पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 40 ग्राम कोकीन मिली। जांच में पता चला कि उजेमा को 2018 में हरियाणा पुलिस की क्राइम ब्रांच ने गिरफ्तार किया था। इस वर्ष मई में वह जेल से बाहर आया था। जेल से निकलने के बाद वह फिर से ड्रग्स के धंधे से जुड़ गया।