शिमला शहर के निजी एपीजी विश्वविद्यालय में विदेशी और स्थानीय छात्रों के बीच मारपीट में तीन छात्र घायल हो गए। पुलिस ने चार अफगानी छात्रों समेत आठ को गिरफ्तार किया है। घायलों का उपचार चल रहा है। गिरफ्तार छात्रों का मेडिकल करवाया गया। मारपीट की वजह गुटों में आपसी पुरानी रंजिश बताई जा रही है। पुलिस के मुताबिक सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे एपीजी विश्वविद्यालय में छात्रों के बीच विवाद हुआ और मारपीट हो गई।
विवि प्रबंध ने बीचबचाव किया और मामले को किसी तरह शांत करवाया। इसके बाद देर शाम एक बार फिर स्थानीय और विदेशी मूल के छात्रों के बीच मारपीट हो गई। एक-दूसरे पर जमकर लात, घूंसे और डंडे चलाए गए। मामले को बढ़ता देखकर प्रबंधन ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति पर काबू पाया। मारपीट करने वाले आठ छात्रों को गिरफ्तार किया गया है। इस घटना में अफगानी और स्थानीय छात्रों समेत तीन को चोटें आई हैं।
बीते माह 30 अगस्त को भी इस विवि में इन्हीं गुटों के बीच मारपीट हो चुकी है। यहां विदेशी छात्र काफी संख्या में पढ़ते हैं। डीएसपी सिटी दिनेश शर्मा ने बताया कि निजी विश्वविद्यालय में दो गुटों के बीच मारपीट के मामले में मुकदमा दर्ज हुआ है। निजी विवि प्रशासन की ओर से दी शिकायत के आधार पर थाना छोटा शिमला में मुकदमा दर्ज कर छानबीन की जा रही है। दोनों गुटों में पहले भी मारपीट के मामले में केस चल रहा है।