दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने ड्रग्स तस्करी के आरोप में एक नाइजीरियाई मूल के युवक को गिरफ्तार किया है। उसके पास से 260 ग्राम हेरोइन मिली है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 26 लाख रुपये है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को वर्ष 2015 में मोहाली पुलिस ड्रग्स तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर चुकी है। वह मई 2017 में ही जेल से बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद वह दिल्ली आकर दोबारा इस धंधे से जुड़ गया। पुलिस पकड़े गए आरोपी के सहयोगियों की तलाश में जुटी है।
पुलिस उपायुक्त जी. रामगोपाल नाइक ने बताया कि क्राइम टीम को सूचना मिली कि एक नाइजीरियाई युवक ड्रग्स की खेप लेकर पालम इलाके में आने वाला है। सूचना पर एसीपी पंकज सिंह के देखरेख में एक टीम ने दादा देव खेल परिसर के पास घेराबंदी कर आरोपी को दबोच लिया। तलाशी के दौरान उसके पास से 260 ग्राम हेरोइन मिली। आरोपी की पहचान नाइजीरिया निवासी जस्टिन (26) के रूप में हुई है।