न्यूटाउन रेलवे स्टेशन के पास ओवरब्रिज के नीचे पड़ी करीब डेढ़ महीने की एक बच्ची को जीआरपी ने बरामद किया है और उसे बीके अस्पताल में भर्ती कराया है। बच्ची के मां-बाप का कोई पता नहीं चल सका है।
शनिवार सुबह सफाई करते वक्त सफाईकर्मियों को बच्ची दिखाई दी। तत्काल स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी गई और स्टेशन अधीक्षक ने जीआरपी को इसकी जानकारी दी। जीआरपी बच्ची की मां-बाप की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार, शनिवार सुबह करीब आठ बजे रेलवे की महिला सफाई कर्मचारियों ने जब झाड़ू लगाना शुरू किया तो देखा कि ओवरब्रिज के नीचे एक छोटी बच्ची पड़ी है। महिलाओं ने स्टेशन अधीक्षक को सूचना दी। बच्ची को सफेद कपड़े में लपेटकर रखा गया था। स्टेशन अधीक्षक ने जीआरपी को इसकी जानकारी दी।
मौके पर पहुंचे जीआरपीकर्मी ओम प्रकाश ने बच्ची को कब्जे में लेकर बीके अस्पताल में भर्ती करा दिया है। बच्ची की हालत अब स्थिर बताई जा रही है। थाना प्रभारी नरेंद्र सिंह का कहना है कि सूचना मिलते ही तत्काल मुलाजिम को भेजकर बच्ची को ऐहतियात के तौर पर अस्पताल में भर्ती करा दिया गया है।