राज मिस्त्री और उसकी पत्नी ने भतीजे की हत्या कर शव झुग्गी के अंदर ही दफना दिया। इसके बाद आरोपी दंपति परिवार के साथ फरार हो गए। यह वारदात थाना इंदिरापुरम के ठीक सामने बनी झुग्गी बस्ती में हुई, जिससे सनसनी फैल गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
थाना इंदिरापुरम के सामने सेक्टर-8 की झुग्गी बस्ती से पुलिस को बुधवार दोपहर सूचना मिली कि एक झुग्गी से बदबू आ रही है। पुलिस मौके पर पहुंची, तो झुग्गी के अंदर एक कोने पर मिट्टी खुदी हुई दिखी।
पुलिस ने मिट्टी की खुदाई की तो अंदर से युवक की लाश निकली। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि लाश जीते उर्फ जीतू (22) की है। वह झुग्गी में रह रहे राज मिस्त्री कल्लू का भतीजा था।
रात में ही शव को दफनाया गया
पुलिस के अनुसार, शुक्रवार रात को गला दबाकर जीतू की हत्या की गई और रात में ही शव को दफनाया गया। पड़ोसियों से पूछताछ में पता चला कि शनिवार तड़के करीब चार बजे कल्लू, पत्नी चंदा, बेटी मोहिनी (13), बेटे विजय (12) और अजय (15) के साथ बैग लेकर कहीं जा रहे थे।
पड़ोसियों ने पूछा तो कल्लू ने बताया कि उसके पिता की तबीयत बिगड़ गई है। गांव जा रहे हैं। एसएचओ इंदिरापुरम गोरखनाथ यादव ने बताया कि हमीरपुर के निवासी कल्लू और उसकी पत्नी चंदा के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी गई है। जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
एसएचओ ने बताया कि कल्लू के भाई को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। जांच में सामने आया है कि चंदा (30) और मृतक जीतू एक-दूसरे के काफी ‘करीब’ थे। दोनों करीब एक माह पहले घर से भाग गए थे, जिसे लेकर कल्लू और जीतू के बीच विवाद हुआ था।