खालिस्तान लिबरेशन फ्रंट (केएलएफ) प्रमुख हरमिंदर सिंह उर्फ मिंटू के साथ नाभा जेल से फरार हुआ कश्मीर सिंह दिल्ली से भी भागने में कामयाब हो गया है। दिल्ली पुलिस सूत्रों व खुफिया विभाग की मानें तो कश्मीर सिंह दिल्ली से भी बच निकला है।
कश्मीर सिंह के पश्चिमी उत्तर प्रदेश की तरफ जाने की आशंका जताई जा रही है। कश्मीर सिंह के पास हथियार हैं और वह मोबाइल फोन का इस्तेमाल नहीं कर रहा है। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल की टीमों ने कश्मीरी सिंह को पकड़ने के लिए बृहस्पतिवार को एनसीआर व यूपी में छापेमारी भी की।
स्पेशल सेल अधिकारियों का कहना है कि पूछताछ में हरमिंदर ने बताया कि वह जेल में कहीं भी आ जा सकता था। इसलिए करीब डेढ़ महीने की निगरानी में उसे यह पता लग गया था कि सुबह साढ़े आठ बजे के समय जेल की सुरक्षा व्यवस्था बहुत कम होती है।
यह समय सुरक्षा कर्मियों की ड्यूटी का टाइम बदलने का होता है। इस कारण जेल से भागने का समय सुबह आठ बजे तय किया था। हरमिंदर ने पूछताछ में ये भी बताया कि जेल से भागने की साजिश उसने शेखों के साथ रची थी।
शेखों ने हरमिंदर से कहा कि अगर वह जेल में रहेंगे तो सजा हो जाएगी। जेल से बाहर निकले तो अपना मिशन पूरा हो जाएगा। हरमिंदर ने बताया कि वह गोवा में कम से कम दो दिन रुकता। इसके बाद वह नेपाल जाता। नेपाल में जिस देश का पासपोर्ट बनता वहां भाग जाता।
संबंध पता लगते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया
हरिमंदर सिंह जब कश्मीर सिंह व चार गैंगस्टर के साथ नाभा जेल से भागा तो पूरी दिल्ली पुलिस, स्पेशल सेल व अपराध शाखा की टीमें अलर्ट हो गई थीं। हरमिंदर सिंह के दिल्ली आने की संभावना से एयरपोर्ट, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन व बस अड्डे पर पुलिस टीमें तैनात हो गईं थीं।
स्पेशल सेल अधिकारियों के अनुसार सेल में तैनात इंस्पेक्टर शिव कुमार की टीम को यह पता लग गया था कि हरमिंदर मिंटू के मुंबई व गोवा में संबंध हैं और वह मुंबई जा सकता है। वह गोवा व मुंबई में कई वर्ष रहा है। मुंबई की ज्यादातर ट्रेन हजरत निजामुद्दीन से जाती हैं। ऐसे में इंस्पेक्टर शिवकुमार की टीम ने हजरत निजामुद्दीन रेलवे स्टेशन पर घेराबंदी की और हरमिंदर मिंटू को रेलवे स्टेशन की पार्किंग से दबोच लिया।