महंगा मोबाइल देखते ही आरोपियों के मन में लालच आ गया। उन्होंने मोबाइल लूटने के लिए पीड़ित की चाकू से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी और फिर मोबाइल लूटकर ले गए। पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
बाहरी जिले के स्पेशल स्टाफ ने तीन नाबालिग समेत पांच आरोपियों को पकड़ा है। बालिग आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपियों के कब्जे से लूटा गया महंगा मोबाइल फोन व वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद कर लिया है।
बाहरी जिला डीसीपी एमएन तिवारी ने बताया कि 27 जुलाई को पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना मिली थी कि घायलावस्था में एक व्यक्ति को संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस मौके पर पहुंची तो पता लगा कि मंगोलपुरी निवासी रामबाबू पुत्र प्रह्लाद सहाय को अज्ञात लोगों ने हनुमान मंदिर के पास चाकू से ताबड़तोड़ वार कर घायल कर दिया था और उसका महंगा मोबाइल लूटकर ले गए। अस्पताल में इलाज के दौरान रामबाबू ने दम तोड़ दिया।
हाथ में महंगा मोबाइल फोन देख बनाई लूट की याोजना
- फोटो : सोशल मीडिया
मंगोलपुरी थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्जकर जांच शुरू की। दूसरी तरफ आरोपियों को पकड़ने के लिए स्पेशल स्टाफ प्रभारी सुखबीर मलिक की देखरेख में एसआई कमलेश व एएसआई राजबीर सिंह की विशेष टीम बनाई गई।
इंस्पेक्टर सुखबीर मलिक की टीम को जांच में पता लगा कि रामबाबू का मोबाइल ब्लाक-क्यू-8, मंगोलपुरी में चल रहा है। पुलिस टीम ने यहां दबिश देकर एक नाबालिग को पकड़ लिया। इससे पूछताछ के बाद इसके दो बालिग साथी श्रीकेश (19) और हिमांशु (19) और दो नाबालिग को पकड़ लिया।
आरोपियों ने पूछताछ में बताया कि 27 जुलाई को वह संजय पार्क में बैठे हुए थे, तभी रामबाबू के हाथ में महंगा मोबाइल फोन देखा। इन्होंने मोबाइल फोन को लूटने की साजिश रची। रामबाबू ने मोबाइल लूटने का विरोध किया तो श्रीकेश ने उस पर चाकू से हमला कर दिया था। इसके बाद मोबाइल लूटकर फरार हो गए थे।