दिल्ली के मालवीय नगर में दुकानदार ने जलजीरा के पांच रुपये नहीं देने पर युवक की छाती में छुरा घोंप दिया। घायल युवक को अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया गया। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के अनुसार, पंचशील विहार निवासी दीपक (22)पुत्र मंगल सिंह चिराग दिल्ली में नाले के पास जलजीरे की दुकान लगाता है। जगदंबा कैंप, मालवीय नगर निवासी सुनील उर्फ कालू (19) और उसका दोस्त शमशेद दुकान पर जलजीरा पीने गए। सुनील ने पांच रुपये के जलजीरे का छोटा गिलास लिया। पीने के बाद उसने पैसे देने से इंकार कर दिया। इसे लेकर दुकानदार दीपक और सुनील के बीच झगड़ा हो गया।
झगड़ा बढ़ने पर दीपक ने मूली काटने वाला तेज धारदार छुरा सुनील की छाती में घुसा दिया और मौके से फरार हो गया। लहूलुहान अवस्था में उसका दोस्त शमशेद उसे मालवीय नगर में स्थित मदनमोहन मालवीय अस्पताल ले गया। वहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मालवीय नगर थाना पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर रविवार शाम को दीपक को गिरफ्तार कर लिया। सुनील केशव का पोस्टमार्टम कराकर उसके परिजनों को सौंप दिया है।