गाजियाबाद में साहिबाबाद के लिंक रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में चीनी महिला से छेड़छाड़ और बदसलूकी का मामला सामने आया है। हालांकि पुलिस मामले की शिकायत दिए जाने से इनकार कर रही है। महिला को होटल प्रबंधन ने चोरी छिपे एयरपोर्ट रवाना कर दिया।
लिंक रोड स्थित एक पांच सितारा होटल में चीनी महिला साथियों के साथ कुछ दिनों से ठहरी थी। सूत्रों की मानें तो सोमवार सुबह अचानक एक वेटर महिला के कमरे में घुस आया और उसके साथ छेड़छाड़ की।
महिला ने विरोध किया तो वह बदसलूकी पर उतारू हो गया। आवाज सुनकर अन्य कमरों से लोग इकट्ठा हो गए। इसके बाद होटल अधिकारियों ने वेटर की जमकर पिटाई की। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू की।
वेटर ने की थी बदतमीजी!
उधर, होटल अधिकारी महिला को समझाने लगे। कुछ देर बाद महिला के साथियों ने पुलिस को शिकायत दी। इसके बाद होटल ने उन्हें समझाकर दिल्ली एयरपोर्ट के लिए रवाना कर दिया।
पुलिस अधिकारी ने बताया कि वेटर ने महिला से बदतमीजी से बात की थी, जिसे लेकर विवाद हुआ था। महिला की ओर से कोई शिकायत नहीं दी गई है।
एसपी सिटी शिवहरि ने बताया कि मामले की जांच कराई जा रही है। अगर विदेशी महिला की ओर से कोई शिकायत दी गई होगी, तो होटल स्टाफ पर कार्रवाई के साथ मामला दबा रहे पुलिसकर्मियों पर भी एक्शन लिया जाएगा।