पालम गांव थाना इलाके में एक आठवीं कक्षा की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। छात्रा ने स्टेशनरी की दुकान चलाने वाले एक बुजुर्ग पर आरोप लगाया है। पुलिस ने पीड़िता की शिकायत पर दुष्कर्म और पोक्सो के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार 14 वर्षीय किशोरी परिजनों के साथ पालम इलाके में रहती है। वह इलाके में स्थित सरकारी स्कूल की आठवीं कक्षा की छात्रा है। सोमवार दोपहर में वह घर से कुछ दूरी पर स्थित एक स्टेशनरी की दुकान में किताब खरीदने गयी थी। छात्रा का आरोप है कि अकेली पाकर 60 वर्षीय दुकानदार ने उसे दुकान के भीतर खींच लिया और उसके साथ अश्लील हरकत करने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने उसे जान से मारने की धमकी देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। किसी तरह से दुकानदार के चंगुल से छूटने के बाद किशोरी घर पहुंचकर अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी। परिजनों का आरोप है कि थाने में पुलिसकर्मी मामला दर्ज करने में टाल मटोल करते रहे।
बाद में पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल करवाया और इस बाबत मामला दर्ज कर लिया। शिकायत होने के बाद से आरोपी फरार है। पुलिस ने उसकी तलाश में दबिश दे रही है।