विजयनगर में एनएच-24 के पास तिगरी गोल चक्कर के पास डंपर की टक्कर से मिनी ट्रक (छोटा हाथी) पलट गया। हादसे में मिनी ट्रक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य जख्मी हो गए।
घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी डंपर चालक शकील निवासी मेवात को गिरफ्तार कर लिया है।
एसओ अवधेश प्रताप ने बताया कि शनिवार रात बुलंदशहर के स्याना निवासी आकाश, सुधीर, जान मोहम्मद और दीपक मिनी ट्रक में डीजे लेकर विजयनगर में एक समारोह में आए थे।
समारोह खत्म होने के बाद रविवार तड़के पांच बजे वे वहां से चले। तिगरी गोल चक्कर पर सड़क किनारे इन्होंने डंपर खड़ा किया। इसी दौरान वहां तेज रफ्तार डंपर आया और मिनी ट्रक में टक्कर मारी।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि मिनी ट्रक पलट गया और चारों युवक उसके नीचे दब गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायलों को निकाला। आकाश (28) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीनों घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया।