मेवाती गिरोह ने दिल्ली में फिर आतंक मचाना शुरू कर दिया है। रविवार की रात मवेशी ले जाने से टोकने पर मेवाती गिरोह के सदस्यों ने एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी।
शनिवार की रात भी मेवाती गिरोह के सदस्यों ने दक्षिण दिल्ली में आतंक मचाया था, हालांकि पुलिस ने गिरोह के दो सदस्यों को दबोच लिया था।
...और मार दी गोली
दक्षिण जिला पुलिस अधिकारियों के अनुसार मेवाती गिरोह के सदस्य रविवार की रात पुल प्रह्लादपुर थाना इलाके में लालकुंआ से एक मवेशी को टाटा-407 में डाल रहे थे। उसी समय बी-369, चुंगी नंबर-ढाई लालकुआं निवासी रवि बाथरूम के लिए उठा।
वह वहीं राजा गुर्जर की डेयरी में मवेशियों की रखवाली के लिए सोता था। उसने आरोपियों को पशु चुराते देख लिया और उन्हें टोका। इस पर उनके बीच गाली-गलौच होने लगी। आरोपियों ने देशी कट्टे से रवि को गोली मार दी।
गोली रवि के सिर में लगी, वह पहली मंजिल की छत से नीचे गिर पड़ा। आरोपी मवेशी को मौके पर छोड़कर फरीदाबाद की तरफ भाग खड़े हुए। रवि को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
इस घटना से एक दिन पहले शनिवार की रात भी मेवाती गिरोह के सदस्यों ने हौजखास इलाके से भी मवेशी को उठाने का प्रयास किया था। पुलिस को सूचना मिलने पर गिरोह के सदस्य भागने लगे।
नाइट ड्यूटी कर रहे कालकाजी थानाध्यक्ष विजेन्द्र की टीम ने कालकाजी मंदिर के पास घेराबंदी कर मेवाती गिरोह के दो सदस्यों को पकड़ लिया। गिरोह तक पहुंचने के लिए पुलिस इनके नामों का खुलासा नहीं कर रही है।
बॉर्डर इलाकों पर विशेष चेकिंग के आदेश
दिल्ली में लगातार दो दिन उत्पात मचाकर मेवाती गिरोह के सदस्यों ने दिल्ली की कानून व्यवस्था को खुला चुनौती दी है। दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (लॉ एंड ऑर्डर) दीपक मिश्रा ने हरियाणा से सटी थाना पुलिस को रात में विशेष चेकिंग के आदेश दिए हैं।
उन्होंने पुलिस अफसरों से कहा कि अगर मेवाती गिरोह के सदस्य पत्थरबाजी या फायरिंग करते हैं तो पुलिस भी उनसे मुठभेड़ करें। हालांकि दिल्ली पुलिस पिकेट लगाकर मेवातियों की धर पकड़ करती है।
कौन है मेवात गिरोह?
बताया जाता है कि ये गिरोह मुख्य रूप से गुड़गांव के मेवात इलाके से आते हैं इसलिए इसे गिरोह का नाम मेवात गिरोह पड़ गया। रात को दिल्ली और हरियाणा के इलाकों में जाकर यह मुख्य रूप से मवेशियों को उठाकर ले जाते हैं।