डीएनडी टोल के पास शनिवार देर रात तेज रफ्तार मर्सिडीज कार ने गश्त पर निकले दिल्ली के एसीपी की जीप में पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर लगने पर जीप करीब 50 मीटर तक घिसटने के बाद पलट गई।
हादसे में जीप सवार एसीपी, ड्राइवर (हेड कांस्टेबल) और एसआई घायल हो गए। इधर, एयरबैग खुलने से मर्सिडीज चला रहे परफ्यूम कारोबारी की जान बच गई। सूचना पर पहुंची सेक्टर-20 पुलिस ने मर्सिडीज चालक को हिरासत में लेकर घायलों को नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया।
जहां प्राथमिक उपचार के बाद एसीपी और ड्राइवर को छुट्टी दे दी गई। वहीं एसआई को दिल्ली ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया गया। पुलिस के मुताबिक, शनिवार देर रात एसीपी जय किशन अपने ड्राइवर हेड कांस्टेबल रमेश और एसआई सतवीर सिंह के साथ पीसीआर की चेकिंग पर निकले थे।
डीएनडी टोल के पास रात करीब डेढ़ बजे दिल्ली की तरफ से आ रही तेज रफ्तार मर्सिडीज ने एसीपी की जीप में पीछे से टक्कर मार दी। हादसे के समय एसीपी, हेड कांस्टेबल और एसआई ने सीट बेल्ट नहीं लगा रखी थी।
पुलिस ने बताया कि मर्सिडीज चला रहे व्यक्ति का नाम मोहित गोगिया है। पेशे से परफ्यूम कारोबारी मोहित सेक्टर-26 में रहते हैं। हादसे के वक्त वह दिल्ली से घर लौट रहे थे। हेड कांस्टेबल ने हादसे के संबंध में शिकायत की है।