भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य अजय गुप्ता की बेटी अपूर्वा की सूझबूझ से गार्डन एंक्लेव स्थित उनके घर में डकैती होने से बच गई।
अपूर्वा एमबीए की छात्रा है। अजय का कहना है कि बुधवार को पांच बदमाश अलग-अलग बहाने बनाकर घर पहुंचे। उनसे मिलने की जिद करने लगे।
शक होने पर अपूर्वा ने उन्हें घर के अंदर नहीं घुसने दिया। आशंका जताई जा रही है कि वे डकैती जैसी बड़ी वारदात करने की फिराक में थे।
भाजपा नेता ने बृहस्पतिवार को एसएसपी से मिलकर शिकायत की है। संदिग्ध लोगों की फुटेज घर के बाहर लगे सीसीटीवी में कैद हो गई है।
अजय ने बताया कि बुधवार दोपहर वह घर पर नहीं थे। इसी दौरान दो युवक कोरियर वाले बनकर आए। रजिस्टर पर साइन करने के लिए उन्होंने दरवाजा खोलने को कहा।
अजय की बेटी अपूर्वा को उन पर शक हुआ तो सवाल-जवाब करने लगी। इसी दौरान तीन अन्य युवक आए, खुद को प्रापर्टी डीलर बताया और अजय से मुलाकात करने की जिद करने लगे।
अपूर्वा ने उन्हें भी घर के अंदर नहीं जाने दिया। पांचों युवक जबरन घर में घुसने की कोशिश करने लगे तो अपूर्वा ने शोर मचा दिया।
शोर सुनकर अपूर्वा की मां बाहर आई। इससे पहले ही पांचों युवक भाग गए। एसएसपी ने जांच के बाद कार्रर्वाई का आश्वासन दिया है।