सोहना रोड पर सेलीब्रेशन मॉल परिसर में चल रहे अरोमा स्पा सेंटर पर पुलिस ने छापा मारकर तीन लड़कियों समेत छह लोगों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में सेंटर का मैनेजर भी शामिल है।
शनिवार देर शाम थाना सदर पुलिस ने यह कार्रवाई की। समाचार लिखे जाने तक पुलिस आरोपियों से पूछताछ करने में जुटी थी। पुलिस के अनुसार थाना सदर पुलिस को सूचना मिली कि एक मॉल में स्थित स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में देह व्यापार का धंधा चल रहा है।
योजना के तहत पुलिस ने एक डिकोय कस्टमर बनाकर सोहना रोड स्थित सेलीब्रेशन मॉल के स्पा सेंटर में भेजा। बात तय हो जाने पर संकेत मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छापा मार दिया।
मौके से एक लड़की व मैनेजर को गिरफ्तार किया गया। इस दौरान बराबर के कमरे को चेक किया गया तो वहां से दो लड़कियों व दो ग्राहकों को पकड़ा गया। थाना सदर प्रभारी विजय कुमार ने बताया कि स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में देह व्यापार का कारोबार चलाया जा रहा था। आरोपियों से पूछताछ जारी है।