गढ़ी गांव में दहेज में 15 लाख रुपये, जेवर और फारच्यूनर गाड़ी की मांग पूरी नहीं होने पर विवाहिता की गर्दन में प्रहार कर हत्या करने का ससुराल पक्ष के चार लोगों पर आरोप है। मायके वालों ने ससुराल पक्ष के एक महिला समेत चार को खिलाफ नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है।
पुलिस ने बताया कि कोतवाली दादरी क्षेत्र के गांव गढ़ी निवासी गजेंद्र उर्फ पप्पू के बेटे की शादी जनपद बागपत के गांव नूरपुर खालसा निवासी पद्म सिंह की बेटी सपना के साथ दो मई 2015 को हिन्दू रीति रिवाज के साथ हुई थी। शादी में पद्मसिंह ने अपनी हैसियत से अधिक दान दहेज दिया था। उसके बाद भी सपना के ससुराल वाले उसको आए दिन परेशान करते थे। आरोप है कि जेठ के लिए एक फारच्यूनर गाड़ी, 15 लाख नगदी और सोने चांदी के जेवरात की मांग की जा रही थी।
विवाहिता को 25 अक्टूबर 2016 को मारपीट कर घर से निकाल दिया, ससुराल पक्ष ने विवाहिता से दहेज लेकर आने पर ही घर पर रखने की बात कही गई। मायके पक्ष के लोगों से बातचीत होने पर सपना को सुसराल वालों ने रख लिया। मायके पक्ष का आरोप है कि ससुराल पक्ष के चार लोगों ने रविवार रात में विवाहिता को गर्दन में चोट मारकर हत्या कर दी। हत्या की सूचना पाकर मायके वाले गांव गढ़ी पहुंच गए।
विवाहिता की गर्दन में खून लगा हुआ था। शक होने पर मायके पक्ष ने घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने मौके पर पहुंच शव को कब्जे में ले लिया। पोस्टमार्टम के लिए पंचनामा भरकर भेज दिया। रिपोर्ट मृतका के पिता ने पति, सास ओर जेठ के खिलाफ नामजद रिपोर्ट कराई है। पुलिस अभियुक्तों को तलाश कर रही है।