गांव बिरहेड़ा में बुधवार सुबह शराब कारोबारी की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई। हमलावर कार में सवार होकर आए थे। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया।
इस मामले में गांव के ही कुछ लोगों के खिलाफ शिकायत दी गई है। जिसमें हत्या का कारण जमीन विवाद बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कई एंगल से कर रही है। पुलिस के अनुसार गांव बिरहेड़ा निवासी बलबीर यादव के बेटे बिल्लू उर्फ सतबीर का शराब का कारोबार है।
बिल्लू ठेकेदार बुधवार सुबह अपने घर पर थे। बताया जा रहा है कि एक स्विफ्ट कार में सवार होकर पांच लोग उसके घर पर पहुंचे। आवाज लगाकर बिल्लू को बाहर बुलाया। बिल्लू के बाहर आते ही हमलावरों ने उस पर गोलियां बरसा दीं।
जिसके बाद वह लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ा। इसके बाद हमलावर कार में सवार होकर फरार हो गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना करने के बाद शव को मोर्चरी भिजवाया।
अभी यह स्पष्ट नहीं हो पाया कि हमलावर कौन थे और बिल्लू ठेकेदार की हत्या क्यों की। वहीं, यह भी बताया जा बिल्लू ने करीब दो साल पहले एक एकड़ जमीन खरीदी थी। इसी जमीन को लेकर गांव के ही कुछ और भी खरीदार थे, जिन्होंने बिल्लू को यह जमीन खरीदने के लिए मना भी किया था।
इसी रंजिश को ध्यान में रखते हुए मृतक की पत्नी ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कराया है। थाना प्रभारी विरेंद्र कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। मामले की जांच कई एंगल से की जा रही है।
वहीं, एसीपी मानेसर धर्मबीर सिंह ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ मृतक की पत्नी की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है। मामला जमीन खरीद से जुड़ा बताया जा रहा है। आरोपियों की तलाश में सीआईए समेत तीन-चार टीमें लगाई गई हैं, जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा। हत्या के कारणों का सही खुलासा आरोपियों के पकड़े जाने पर ही होगा।