न्यू उस्मानपुर इलाके में प्रेमिका के शादी से इंकार करने पर प्रेमी ने उस पर गोली चला दी। हालांकि, गोली युवती को नहीं लगी। छर्रे लगने से वह मामूली रूप से जख्मी हुई है। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। युवती को नजदीकी जग प्रवेश चंद अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे छुट्टी दे दी गई। पुलिस ने पीड़िता के बयान पर मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के मुताबिक, 18 वर्षीय सलमा (बदला हुआ नाम) करीब तीन साल से सलमा अब्दुल समद अहमद से प्यार करती थी। समद का परिवार बदायुं में रहता है। सलमा ने परिजनों को राजी कर समद के घर बदायुं रिश्ते की बात करने भेज दिया। समद का गांव में कच्चा घर था। इस बात पर सलमा के पिता ने कहा कि वह पक्का मकान बनवा ले, इसके बाद ही वह अपनी लड़की की शादी समद से करेगा।
इधर, सलमा ने पहले तो परिजनों को समझाने का प्रयास किया, लेकिन बाद में उसने भी समद को नजरअंदाज करना शुरू कर दिया। आरोप है कि शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सलमा अपनी छोटी बहन के साथ कही जाने के लिए निकली। इस बीच हनुमान मंदिर के पास आरोपी ने पीछे से उसे आवाज लगाई। सलमा बिना सुने आगे बढ़ने लगी। इसी दौरान समद ने सलमा पर गोली चला दी। गोली सलमा को लगी नहीं, उसके हाथ में छर्रे लग गए। पुलिस मामला दर्ज कर उसकी तलाश कर रही है।