दिल्ली के करावल नगर इलाके में महिला की हत्या के आरोपी पति दीपक और देवर रवि को गिरफ्तार कर लिया है। दीपक को अपनी पत्नी पर चाचा के बेटे से संबंध होने का शक था।
पुलिस ने आरोपियों के पास से हत्या में इस्तेमाल चाकू भी बरामद कर लिया है।
पुलिस उपायुक्त आर ए संजीव ने बताया कि इसी 3 जुलाई को करावल नगर के गली नंबर-11 में रहने वाली रीना की गला रेत कर हत्या कर दी गई थी।
चचेरे भाई से था अवैध संबंध का शक
रीना की बहन ज्योति ने बताया था कि उसकी कंपनी में काम करने वाले ने रीना के पति और देवर को खून से सने कपड़े में भागते देखा था।
पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर दोनों की तलाश में गाजियाबाद, दादरी, सुरजपुर, नोएडा, खेड़ा और अलीगढ़ में दबिश दी। लेकिन दोनों भाई कहीं नहीं मिले। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि दोनों आरोपियों को ज्योति नगर इलाके में देखा गया है।
पुलिस की टीम ने छापा मारकर दोनों को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में दीपक ने बताया कि उसे शक था कि उसकी पत्नी का चाचा के लड़के के साथ संबंध है। जिसको लेकर दोनों के बीच अकसर झगड़ा होता था।