‘एस’ फैक्टर कर सकता है खाता खाली
- फोटो : File Photo
सेक्टर सात में रहने वाले धीरज गांधी का फेसबुक अकांउट हैक कर साइबर अपराधियों ने उनके दोस्तों को आर्थिक मदद के नाम पर ठग लिया। हैकर्स ने उनके सोशल मीडिया अकाउंट का इस्तेमाल हजारों लोगों को आपत्तिजनक लिंक और मैसेज भेजने में भी किया।
जानकारी होने पर उन्होंने एसीपी क्राइम को शिकायती पत्र देकर मामले की जांच करने की अपील की। जांच में शिकायत सही पाए जाने पर अज्ञात लोगों के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर किया गया है।
धीरज गांधी के मुताबिक 19 फरवरी 2017 की सुबह करीब दस बजे हैकर्स ने उनका फेसबुक अकाउंट हैक कर लिया। उनकी फ्रेंड लिस्ट में जितने लोग थे उन्हें उनके नाम से आर्थिक मदद करने के मैसेज भेजे गए। हैकर्स ने एक पेटीएम अकाउंट नंबर भी मैसेज में दिया था जिसमें धन ट्रांसफर कराने को कहा गया था।
उनके मुताबिक उनके कई दोस्तों ने करीब एक लाख रुपये पेटीएम अकाउंट में ट्रांसफर भी किए। हैकर्स ने उनके फेसबुक अकाउंट से फेसबुक से जुड़े ऐसे हजारों लोगों को लिंक और मैसेज भी भेजे जिन्हें वह जानते भी नहीं हैं। उन्होंने एसीपी क्राइम से शिकायत कर हैकर्स का पता लगाकर सभी लोगों का धन वापस दिलाने की मांग की है।
एसएचओ सेंट्रल थाना इंस्पेक्टर राजदीप मोर ने बताया कि साइबर सेल से जांच होने के बाद अज्ञात लोगों के खिलाफ साइबर एक्ट के तहत केस दर्ज किया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है।