द्वारका के सेक्टर-12 मेट्रो स्टेशन पर शनिवार सुबह एक बुजुर्ग ने ट्रेन के सामने छलांग लगाकर जान दे दी। मरने वाले की शिनाख्त द्वारका निवासी दीपक चोपड़ा (67) के रूप में हुई।
कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, जिसकी वजह से खुदकुशी के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि जांच के दौरान पता चला कि बीमारी की वजह से बुजुर्ग तनाव में थे। घटना की वजह से मेट्रो सेवा प्रभावित रही।
शनिवार सुबह आठ बजे मेट्रो पुलिस को एक बुजुर्ग के द्वारका सेक्टर-12 मेट्रो स्टेशन पर ट्रेन के सामने छलांग लगाने की जानकारी मिली। सीआईएसएफ के जवानों और मेट्रो कर्मियों ने घायल बुजुर्ग को वैंकटेश्वर अस्पताल में भर्ती कराया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
छानबीन में बुजुर्ग की शिनाख्त दीपक चोपड़ा के रूप में हुई। वह अपनी पत्नी के साथ सेक्टर-12 स्थित पार्क व्यू सोसाइटी में रहते थे। इनके दो बच्चे हैं।
बेटा कनाडा में रहता है, जबकि बेटी यूनाइटेड किंगडम में रहती है। दीपक 11 जनवरी को कनाडा से भारत आए थे। वहां से आने के बाद से बीमार थे। शनिवार को उन्हें डॉक्टर के पास जाना था। सुबह में पत्नी को दवा लेेकर आने की बात कहकर घर से निकले थे।
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हादसे की वजह से द्वारका के सेक्टर-21 की ओर जाने वाली मेट्रो करीब आधे घंटे तक प्रभावित रही। इस दौरान नोएडा और आनंद विहार की ओर से द्वारका जाने वाली ट्रेन रुक-रुककर चली।