नई दिल्ली के मंगोलपुरी में बुधवार देर रात एक महिला का मोबाइल लूटकर भाग रहे बदमाश को लोगों ने दबोचकर उसकी जमकर धुनाई कर दी। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां मौत हो गई। उसकी पहचान सुल्तानपुरी निवासी रमेश के तौर पर हुई। मंगोलपुरी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस उपायुक्त ने एसीपी के नेतृत्व में पूरी वारदात की जांच के आदेश दे दिए हैं और जल्द से जल्द रिपोर्ट देने को कहा है।
जिला पुलिस उपायुक्त एमएन तिवारी ने बताया कि बुधवार देर रात ढाई बजे एक महिला अपनी झुग्गी के बाहर खड़ी थी। इसी बीच स्कूटी पर आए चार लड़कों में से एक ने महिला का मोबाइल झपट लिया। विरोध करने पर दो लड़कों ने महिला को पीटना शुरू कर दिया।
पीड़िता ने शोर मचाया तो एक आरोपी ने चाकू निकालकर उसे मारने का प्रयास किया। इसी बीच शोर सुनकर भीड़ इकट्ठा हो गई। उन्होंने दो युवकों को पकड़ लिया, लेकिन एक भागने में कामयाब हो गया। पकड़े गए बदमाश को लोगों ने पीटकर अधमरा कर दिया।