सऊदी अरब के दक्षिणी प्रांत नजरान के एक घर में आग लग जाने से कम से कम 10 भारतीयों की मौत हो गई और 6 के घायल होने की खबर है। मरने वाले10 भारतीयों में दो मऊ तथा जौनपुर एवं आजमगढ़ का एक-एक युवक शामिल है।
बलिया का एक युवक झुलस गया है, जिसका इलाज चल रहा है।। मृतकों में एक अन्य व्यक्ति की फिलहाल पहचान नहीं हो पाई है। विदेश मंत्री सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया कि उन्होंने जेद्दाह के भारतीय वाणिज्य दूत से इस मामले में बात की है।
सुषमा स्वराज ने ट्वीट किया है कि - ‘इस घटना के बाद भारतीय वाणिज्य दूतावास के अधिकारी नजरान जा रहे हैं। मुझे वहां पर आग की घटना का पता चला है, जिसमें हमने 10 भारतीय नागरिकों को खो दिया और छह अस्पताल में हैं।’
विदेशमंत्री की यह प्रतिक्रिया विद्या एस. नामक महिला द्वारा ट्विटर पर अपने पति की मौत और उनके शव को स्वदेश लाने की मदद मांगने के जवाब में सामने आई है। सुषमा ने कहा कि - ‘मैंने महावाणिज्यदूत से बात की है।
नजरान जेद्दाह से 900 किलोमीटर दूर है। हमारे कर्मचारी पहली उपलब्ध उड़ान से नजरान जा रहे हैं और वहां के गवर्नर के संपर्क में हैं।’ मृतकों में मऊ के मोहम्मद वसीम, वसीम अकरम, जौनपुर का तबरेज खान तथा आजमगढ़ अतीक अहमद शामिल है।
बलिया का इमरान अहमद झुलस गया है। गुरुवार को दोपहर बाद आग से मौत की खबर आने के बाद से सभी के घरों में मातम छा गया। जबकि एक-एक मृतक बिहार व तमिलनाडु का और तीन केरल के हैं।
‘अरब न्यूज’ ने सऊदी नागरिक सुरक्षा के हवाले से बताया कि ये कामगार एक कंस्ट्रक्शन कंपनी में काम करते थे और फैसलिया जिले में एक बाजार के बास रह रहे थे। शुरूआती जांच में आग का कारण शार्ट सर्किट बताया जा रहा है।
समाचार के मुताबिक मरने वाले लोग भारत और बांग्लादेश से हैं, जबकि ‘सऊदी गजट’ के मुताबिक घायल होने वाले छह कामगारों में से 4 भारत के हैं। खाड़ी सहयोग परिषद से जुड़े बहरीन, कुवैत, ओमान, यूएई और सऊदी अरब में इन्हें अस्थायी प्रवासी कामगारों के रूप में रखा जाता है।