मकान डेनियल चांदकर का था, जिसमें करीब दो साल पहले रजनी काम करती थी। पुलिसकर्मी उसे घर के अंदर ले गए, जहां एक कमरे में रजनी का खून से लथपथ शव पड़ा था। रजनी के गर्दन पर चाकू से वार किए गए थे।
घटना के बाद से डेनियल का 27 वर्षीय बेटा डेविड गायब था। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और सोमवार शाम को उसे गिरफ्तार कर लिया। सेक्टर-सात थाना प्रभारी दिनेश कुमार ने बताया कि प्रारंभिक पूछताछ के दौरान डेविड ने बताया कि रविवार दोपहर को रजनी उनके घर आई थी।
वह कोई पुराना हिसाब किताब बताकर उससे पैसे मांगने लगी। इस पर उसने कहा कि उसकी मां अभी घर पर नहीं है, वह आएगी तो आ जाना और हिसाब कर लेना। इस पर रजनी उसे भला-बुरा बोलने लगी। इस दौरान दोनों में हाथापाई भी हुई। डेविड ने पुलिस को बताया कि रजनी ने पास ही टेबल पर रखा चाकू उठाकर उस पर हमला करने का प्रयास किया।
डेविड ने उसके हाथ से चाकू छीन लिया और हवा में घुमा दिया, जोकि रजनी की गर्दन पर लगा। खून निकलता देख डेविड डर गया। उसने रजनी की गर्दन में कई और वार किए, जिससे उसकी मौत हो गई। इस पर वह घर से भाग गया। पुलिस ने सोमवार को रजनी के शव का पोस्टमार्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि रजनी का शव घर में पड़ा होने की सूचना डेनियल ने ही पुलिस को दी थी।