ग्रेटर नोएडा के जेवर कोतवाली क्षेत्र के दयानतपुर गांव के पास पशु व्यापारी से बाइक और 90 हजार रुपये लूट लिए गए।
पीड़ित ने कोतवाली में घटना की तहरीर दे दी है। जबकि पुलिस ने तहरीर आने से इंकार किया है। मथुरा के बाजना क्षेत्र के अहमदपुर निवासी बाबू सिंह पशु व्यापारी हैं।
वह करौली, जेवर निवासी अपने दोस्त कालू के पास 90 हजार रुपये और बाइक लेकर आए थे। मंगलवार शाम को दोनों दयानतपुर गांव के पास पहुंचे।
वहां पहले से मौजूद छह लोगों ने उन्हें तमंचा दिखाकर रोक लिया। पीड़ित का आरोप है कि बदमाशों के साथ कालू भी मिल गया और उसे पेड़ से बांध दिया। बदमाश 90 हजार रुपये और टीवीएस बाइक लूटकर फरार हो गए।
आसपास के लोगों ने पीड़ित को बंधनमुक्त कराया। उसने कोतवाली में सात लोगों के खिलाफ तहरीर दी है। जेवर पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कराई जा रही है।