भेाजपुर-निवाड़ी क्षेत्र में रविवार की रात लोग लुटते रहे और पुलिस सोती रही। भोजपुर में छह ग्रामीणों एवं निवाड़ी में एक व्यक्ति से बदमाशों ने लूटपाट की। विरोध करने पर पीड़ितों के साथ मारपीट कर बदमाश भाग गए।
खास बात यह है कि दोनों थानों में लूट की एक भी वारदात दर्ज नहीं हुई है और पीड़ितों के सूचना देने के बाद भी पुलिस जानकारी से इनकार कर रही है।
भोजपुर थानाक्षेत्र के अमराला मोड़ पर रविवार की रात 11 से 12 बजे के बीच बदमाशों ने लूटपाट की। फरीदनगर कस्बा निवासी खालिद अपने पिता बिलाल और दोस्त आस मोहम्मद को लेकर बाइक से गांव लौट रहा था।
अमराला मोड़ पर पहले से घात लगाकरखडे़ बदमाशों ने डंडा मारकर बाइक गिरा दी और मारपीट कर पिता-पुत्र से 55 सौ रुपये की नगदी, आस मोहम्मद से 15 सौ रुपये लूट लिए। इसके बाद बदमाशों ने फरीदनगर के ही रहने वाले सलीम से 28 सौ रुपये एवं मोबाइल लूट लिया।
वहीं, कस्बा निवासी बंटी से 28 सौ रुपये की नगदी एवं मोबाइल लूटा गया। उधर, मोदीनगर-पिलखुवा मार्ग पर बदमाशों ने अब्दुल सलाम निवासी पिलखुवा से 35 हजार रुपये की नगदी लूट ली। पीड़ितों के गांव में बताने पर ग्रामीण एकत्र होकर मौके पर पहुंचे, लेकिन लुटेरों का सुराग नहीं लग सका।
उधर, निवाड़ी थाना क्षेत्र के नंगलामूसा गांव मार्ग पर तीन बदमाशों ने मारपीट कर नंगलामूसा निवासी उपेंद्र से पांच सौ रुपये की नगदी एवं मोबाइल फोन लूट लिया। विरोध करने पर बदमाशों ने मारपीट कर पीड़ित को लहूलुहान कर दिया। उपेंद्र मेरठ रिठानी में स्कूटर-बाइक रिपेयर करने की दुकान करता है।
वारदात के वक्त वह स्कूटर से गांव लौट रहा था। पीड़ितों की मानें तो उन्होंने पुलिस को वारदात की सूचना दी है, जबकि पुलिस इनकार कर रही है।