दिल्ली से गुरुग्राम रही हरियाणा रोडवेज बस के कंडक्टर व चालक को दबंगों ने जमकर पिटाई कर दी। अज्ञात युवक परिचालक के पास से टिकट और कैश से भरा बैग लेकर फरार हो गए। किसी तरह परिचालक ने इसकी जानकारी पुलिस को दी। भोंडसी थाना पुलिस अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मूलरूप से रेवाड़ी निवासी जयभगवान हरियाणा रोडवेज गुडग़ांव में बतौर परिचालक तैनात है। पुलिस को दी गई शिकायत में जयभगवान ने बताया है कि शुक्रवार को वह रोडवेज बस संख्या एचआर-55यू-9583 से आगरा से गुडग़ांव के लिए चला। बस को समय सिंह नाम का चालक चला रहा था। अपनी शिकायत में परिचालक ने बताया है कि एक सवारी आगरा से बैठी और उसके पास काफी ज्यादा सामान था।
परिचालक ने यात्री के सामान का टिकट बना दी। टिकट काटने को लेकर यात्री व परिचालक में काफी कहासुनी हो गई। आरोप है कि यात्री ने परिचालक जयभगवान को देख लेने की धमकी दी। पुलिस को दी गई शिकायत में परिचालक ने आरोप लगाया है कि शाम को जब बस भोंडसी पहुंची तो यात्री ने फोन करके करीब एक दर्जन लोगों को बुला लिया।
दबंगों ने बीच रास्ते में ही बस रूकवा दी और चालक व परिचालक दोनों को बस से बाहर उतार दिया। आरोप है कि अज्ञात लोगों ने चालक व परिचालक की जमकर पिटाई कर दी और बैग में रखे करीब 29 हजार रूपए लेकर फरार हो गए। बैग में बिना पंच किए गए टिकट भी रखे थे। बैग में जो पैसे रखे थे, वे यात्रियों के टिकट काटने के पैसे थे। घटना को अंजाम देने के बाद सभी मौके से फरार हो गए। इस दौरान यात्रियों में भी दहशत का माहौल बना रहा। किसी तरह बस लेकर चालक व परिचालक भोंडसी बस स्टैंड पहुंचे और फिर पुलिस को इसकी लिखित शिकायत दी।