नबी करीम इलाके में हथियारबंद बदमाशों ने एक फैक्ट्री मालिक को बंधक बनाकर लाखों की लूटपाट की। विरोध करने पर बदमाशों ने फैक्ट्री मालिक की जमकर पिटाई कर दी और वारदात को अंजाम देकर सभी फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर नबी करीम थाना पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज की जांच कर बदमाशों की पहचान करने में जुटी है।
पुलिस के अनुसार रोहिणी सेक्टर तीन निवासी गोविंद राम(49) की नबी करीम के गली रविदास में बैग बनाने की फैक्ट्री है। पहली मंजिल पर फैक्ट्री मालिक का कार्यालय है। शनिवार दोपहर गोविंद राम अपने कार्यालय में बैठकर हिसाब किताब कर रहा था।
इसी दौरान तीन युवक वहां पहुंचे। तीनों के हाथ में पिस्टल थे। तीनों ने उसे जान से मारने की धमकी देकर रुपये देने के लिए कहा। गोविंद राम ने बदमाशों का विरोध करते हुए शोर मचाने की कोशिश की।
लेकिन बदमाशों ने उसकी पिटाई कर दी और जान से मारने की धमकी देकर चुप रहने के लिए कहा। उसके बाद एक बदमाश ने गोविंद की कनपटी पर पिस्टल लगा दी और उसके दराज से साढ़े चार लाख रुपये निकाल लिए।
बदमाशों ने गोविंद व वारदात के दौरान उसके पास आए एक शख्स का मोबाइल फोन छीन लिया। वारदात के बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। पीड़ित ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। पुलिस ने छानबीन करने के बाद लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।