भुता। डेढ़ महीने पहले कुंआडांडा स्थित उत्तर प्रदेश बड़ौदा ग्रामीण बैंक में नकब लगाकर साढ़े पांच लाख रुपये उड़ाने के मामले में थाना पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस टीम बदायूं के ककराला से हसरत अली गैंग के करीब नौ सदस्यों को पकड़ लाई है और पूछताछ में जुटी है। दावा है कि एक दो दिन में घटना का खुलासा हो जाएगा। 15 अप्रैल की रात में अज्ञात बदमाशों ने पऊनगला बस अड्डा के पास स्थित इस बैंक में पीछे से दीवार काटकर घुसपैठ कर ली थी। बदमाश तीन जगह ताले तोड़कर स्ट्रांग रूम तक पहुंचे और तिजोरी को गैस कटर से काटकर उसमें रखे पांच लाख पैंसठ हजार नौ सौ बियालीस रुपये निकाल ले गये। इसकी रिपोर्ट बैंक मैनेजर शिवशरण दीक्षित ने अज्ञात बदमाशों के विरुद्ध दर्ज कराई थी। तब से बदमाशों की तलाश में पुलिस जगह जगह छापामारी कर रही थी लेकिन कोई सुराग नहीं लगा था। सुरागकशी करते हुए शनिवार शाम भुता और अलापुर थाना पुलिस ने बदायूं में उसहैत के अटैना पुल के पास से एक ट्रक संख्या एचआर 38 एच 8435 को रुकवाकर कब्जे में ले लिया। इसमें से निकलकर भाग रहे नौ लोगों को पुलिस की संयुक्त टीम ने दबोच लिया। इनमें ककराला निवासी गैंग लीडर हसरत अली, निजात मुल्ला, अखलाक, बदरइया और गुड्डू कालिया आदि बदमाश शामिल थे। टीम इन्हें अपने साथ भुता ले आई और इनसे पूछताछ की गई। सुराग मिले हैं कि बैंक में इसी गैंग ने नकब लगाया था और घटना को अंजाम देने के बाद गैंग रांची भाग गया था। किसी दूसरी वारदात के इरादे से लौट रहा गैंग पुलिस के हाथ लग गया। बताते हैं कि यह गैंग कई प्रदेशों में गैस कटर से एटीएम और बैंकों की तिजोरियां काटने की घटनाओं में वांछित है। थानाध्यक्ष गौरव सिंह यादव का कहना है कि जल्द ही बैंक में चोरी की घटना का खुलासा कर दिया जायेगा।