केशवपुरम इलाके में बदमाश ने मिर्च स्प्रे कर कारोबारी की कार से हजारों रुपये उड़ा लिए। बदमाश ने कारोबारी की कार से तेल गिरने का झांसा देकर कार रुकवाई और वारदात को अंजाम देकर फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, राधा मोहन (50) सपरिवार पीतमपुरा इलाके में रहते हैं। उनका लारेंस रोड केशवपुरम में प्रिंटिंग का काम है। शनिवार सुबह वह घर से फैक्ट्री के लिए निकले। जाम होने की वजह से फायर स्टेशन की ओर से जाने के दौरान धर्मकांटा के पास एक स्कूटी सवार ने उससे कहा कि कार से तेल निकल रहा है। कारोबारी ने पहले तो उसकी बातों को अनसुना कर दिया, लेकिन कुछ दूर जाने के बाद दोबारा वही युवक आया और बताया कि कार से तेल निकल रहा है।
राधा मोहन कार रोककर बाहर निकले और तेल निकलने वाली जगह को देखने लगे। इसी दौरान उन्हें सांस लेने में दिक्कत होने लगी और जैसे लगा कि किसी ने मिर्च स्प्रे कर दिया है। उन्होंने कार से बोतल निकालकर अपने चेहरे पर पानी डाला। इसी दौरान उन्होंने देखा कि कार से उनका बैग गायब है। कारोबारी ने पुलिस को बताया कि बैग में बैग में 40 हजार रुपये के अलावा दो बैंको के कई पासबुक और ऑफिस की चाबियां थीं।