नोएडा में बदमाशों ने दो साल की बच्ची को गन प्वाइंट पर लेकर उसके पिता को लूट लिया। इतना ही नहीं वारदात को अंजाम देने के बाद बेखौफ बदमाश वापस आए और खाली पर्स लौटाकर चले गए।
इस बीच पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी गई, लेकिन पुलिस बदमाशों के जाने के बाद ही घटना स्थल पर पहुंची। सेक्टर-53 के कंचनजंघा मार्केट में मंगलवार देर रात वारदात को अंजाम दिया गया।
यह भी पढ़ें:ये कैसे चोर जो रजिस्टर में एंट्री भी कर गए
सेक्टर-23 के बी ब्लॉक निवासी होंडा कंपनी के अधिकारी राम गोपाल बोहरा पत्नी अनामिका और दो साल की बेटी अश्विका के साथ रात पौने दस बजे कंचनजंघा मार्केट गए थे। राम गोपाल अपनी बेटी के साथ कार में थे और उनकी पत्नी एटीएम से कैश निकालने गई थीं।
इसी दौरान एक युवक उनके पास आया और बेटी के सिर पर तमंचा लगा दिया। एक अन्य युवक दूसरा दरवाजा खोल कर कार के अंदर बैठ गया। युवक चाकू दिखा कर पर्स, दो अंगूठियां, सोने की चेन लेकर चले गए। इसी दौरान राम गोपाल की पत्नी वापस लौटीं, तो उन्होंने सारा हाल बयां किया।
वारदात की सूचना तुरंत पीसीआर को दी गई, तो उधर से जल्द पहुंचने का आश्वासन मिला। इस बीच थोड़ी देर बाद बदमाश फिर आये और रामगोपाल को खाली पर्स लौटा कर चले गए। घटना के बीस मिनट बाद पीसीआर पहुंची और उन्होंने थाना सेक्टर-24 पहुंच कर रिपोर्ट दर्ज कराने की सलाह दी।
सीसीटीवी से मिल सकती है मदद
कंजनजंघा मार्केट के पास जिस जगह वारदात हुई है, वहां से चंद कदम दूर सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इन कैमरों की जद में पूरा घटनास्थल था। जिनकी फुटेज से पुलिस को मदद मिल सकती है।
कंट्रोल रूम आउट ऑफ कंट्रोल
शहर में यह तीसरी ऐसी घटना है, जब कंट्रोल रूम को सूचना देने के बाद भी पीड़ित को मदद के नाम पर केवल नसीहत ही मिली है। रामगोपाल ने बताया कि कई बार कंट्रोल रूम में फोन करने के बावजूद वहां मौजूद ऑपरेटर केवल आश्वासन देता रहा। दोबारा फोन करने पर ऑपरेटर ने नसीहत देनी शुरू कर दी। रामगोपाल का कहना है कि सूचना मिलने के बाद अगर चंद मिनटों में पीसीआर मौके पर होती, तो बदमाश पकड़ लिए जाते।
न पीसीआर, न पुलिसकर्मी
एक साल पहले शॉप्रिक्स मॉल के पास महिला से लूटपाट की घटना के बाद मॉल के बाहर दो पुलिसकर्मियों की स्थायी ड्यूटी लगा दी थी। कंचनजंघा मार्केट केआसपास पीसीआर गश्त करती रहती थी। लेकिन, मंगलवार को इनमें से कोई नजर नहीं आया।
पहले भी हुई हैं वारदातें
- सेक्टर-30 में महिला के साथ उसकी बेटी पर पिस्टल तान कर लूटपाट।
- निठारी पुलिस चौकी के पास दो बहनों के साथ जा रहे बच्चे पर पिस्टल तान कर लूटपाट।
- शॉप्रिक्स मॉल केपास कार में बैठी महिला को अगवा कर लूटपाट।