उत्तम नगर इलाके में पुलिस की वर्दी पहनकर कारोबारी से लूटपाट करने का मामला सामने आया है। पुलिस की वर्दी पहने एक युवक ने अपने दो सहयोगियों के साथ मिलकर एक कारोबारी के साथ मारपीट की और उसकी इंडिका कार लूटकर फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार अमित कुमार सपरिवार द्वारका इलाके में रहता है। उसका अपना निजी कारोबार है। शनिवार देर रात वह अपनी इंडिया कार से नांगलोई से द्वारका जा रहा था। विपिन गार्डन के पास पुलिस की वर्दी पहने एक युवक ने उसे रोका।
युवक शराब के नशे में था। उसने कारोबारी को अपनी कार की आरसी दिखाने के लिए कहा, लेकिन अमित ने आरसी दिखाने से मना कर दिया। युवक ने अपने सहयोगी की मदद से उसे कार से बाहर खींच लिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी। इसी बीच उसका तीसरा सहयोगी भी आ गया।
बदमाश अमित को खींचकर किनारे ले गये और उसको पिस्टल और चाकू दिखाकर उसे जान से मारने की धमकी दी। बदमाशों ने अमित से नकदी निकालकर देने के लिए कहा। इस दौरान पीड़ित ने चीख चीख कर वहां से गुजर रहे राहगीरों से जान बचाने की गुहार लगाई लेकिन किसी ने भी उसकी मदद नहीं की।
उसके बाद बदमाशों ने अमित को खींचकर उसकी कार में बिठाने की कोशिश की लेकिन अमित किसी तरह से अपने आप को उनके चुंगल से छुड़ाकर वहां से भागने लगा। उसके बाद बदमाश पीड़ित की कार में बैठकर वहां से फरार हो गये। पीड़ित ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने उसके बयान पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।