बुराड़ी के परशुराम एंक्लेव इलाके में शुक्रवार रात हथियार बंद बदमाशों ने एक इंजीनियर को परिवार समेत बंधक बनाकर लूटपाट की। बदमाशों ने उसकी ढाई साल की बेटी को गोली मारने की धमकी देकर लाखों रुपये के जेवरात और हजारों रुपये नगदी लूट ली और फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार सुनील कुमार पत्नी बबीता और ढाई साल की बेटी गीतांश के साथ परशुराम एंक्लेव में रहते हैं। सुनील पेशे से इंजीनियर हैं।
शुक्रवार रात करीब ढाई बजे खिड़की का ग्रिल काटकर चार बदमाश उनके घर में घुस गए। बदमाशों ने सुनील समेत परिवार के सभी सदस्यों को पिस्टल के बल पर कमरे के एक कोने पर बिठा दिया।
उसके बाद बदमाश उनकी बेटी को गोली मारने की धमकी देकर नगदी और जेवरात देने के लिए कहा। बदमाशों ने अलमारी में रखे हजारों रुपये की नगदी और लाखों के गहने निकाल लिए।
एक बदमाश ने सुनील की पत्नी के पहने हुए सभी जेवरातों को शरीर से खींच कर निकाल लिया। सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस बदमाशों की पहचान करने की कोशिश कर रही है।