नोएडा के निठारी इलाके में शादी का झांसा देकर महिला से कई साल तक दुष्कर्म करने के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। आरोपी महिला के साथ लिव-इन में भी रहता था। थाना सेक्टर-20 पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर मामला दर्ज कर मंगलवार को आरोपी को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार मूलरूप से मधेपुरा (बिहार) निवासी अशोक कुमार निठारी में रहता था।
कुछ साल पहले उसके पड़ोस में पश्चिम बंगाल निवासी महिला चार बच्चों के साथ रहने आई। महिला के पति की मौत हो गई थी। इसके बाद अशोक ने महिला से नजदीकियां बढ़ा लीं। दोनों निठारी में पति-पत्नी के रूप में रहने लगे। बाद में आरोपी की नौकरी गाजियाबाद के साहिबाबाद स्थित एक कंपनी में लग गई।
अशोक बिहार से पत्नी और बच्चों को नोएडा ले आया और ममूरा में रहना शुरू कर दिया था। महिला का आरोप है कि शादी का झांसा देकर आरोपी ने कई साल तक शारीरिक संबंध बनाए। बाद में मिलना भी बंद कर दिया। जिसके बाद महिला ने थाना सेक्टर-20 में दुष्कर्म करने और नगदी व जेवर चोरी करने की शिकायत की। मामला दर्ज न होने पर महिला ने न्यायालय की शरण ली। न्यायालय के आदेश पर पुलिस ने दुष्कर्म करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला दर्ज किया।