राज्य चौकसी ब्यूरो ने दक्षिण हरियाणा बिजली वितरण निगम (डीएचबीवीएन) मानेसर के लाइनमैन कंवर सिंह को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हाथों गिरफ्तार किया है। ब्यूरो की टीम फिलहाल लाइनमैन से पूछताछ कर रही है।
कांकरौला निवासी दीपक ने डीएचबीवीएन में नए मीटर लगवाने के लिए आवेदन किया था। इस मामले को देखने का जिम्मा डीएचबीवीएन ने आरोपी लाइनमैन कंवर सिंह को दिया।
उसे इसका एस्टीमेट भी तैयार करना था। आरोपी ने दीपक को कई बार कार्यालय का चक्कर लगवाया। जब वह काफी परेशान हो गया तो उसके बाद मीटर लगवाने की एवज में आरोपी लाइनमैन ने उससे 10 हजार रुपये की मांग की।
दीपक ने इस मामले की पूरी जानकारी राज्य चौकसी ब्यूरो में दी। इस सूचना पर निरीक्षक कुलवंत सिंह के नेतृत्व में एक रेडिंग पार्टी का गठन किया गया। तहसीलदार नौरंग दास को लाइनमैन कंवर सिंह को रंगे हाथों पकड़ने के लिए बतौर ड्यूटी मजिस्ट्रेट नियुक्त किया गया था।