छावला इलाके में शनिवार को एक युवक की संदिग्ध हालात में मौत हो गई। मृतक की शिनाख्त अजीत (40) के रूप में हुई है। तड़के पांच बजे घर के सामने ही अजीत का शव पड़ा हुआ मिला। परिजन पड़ोस के कुछ युवकों पर हत्या का आरोप लगाते हुए शव लेकर छावला थाने के बाहर पहुंच गए। मेन रोड पर जाम भी लगा दिया। पुलिस ने समझाकर परिजनों को हटाया और शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। परिजनों ने एक हत्या के मामले में पुलिस पर भी अजीत को प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। शनिवार को उसी केस में अजीत का लाई डिटेक्टर टेस्ट होना था।
झटीकरा गांव में रहने वाल अजीत कारपेंटर का काम करता था। इसके परिवार में पत्नी व तीन बच्चे हैं। शुक्रवार शाम को वह किसी काम से बाहर निकला था। शनिवार सुबह घर के बाहर ही अजीत का शव बरामद हुआ। खबर मिलने के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को अजीत के शरीर पर किसी भी प्रकार के चोट के निशान नहीं मिले।