थाना मुजेसर क्षेत्र के गांव बाजड़ी के पास झाड़ियों में मिले शव की गुत्थी सुलझा ली गई है। क्राइम ब्रांच डीएलएफ की टीम ने इस मामले में मृतक की पत्नी व उसके प्रेमी सहित चार लोगों को गिरफ्तार किया है।
पुलिस की मानें तो मृतक की पत्नी ने प्रेमी से शादी करने के लिए ही पति की हत्या करवा दी थी। महिला व उसके प्रेमी ने दो युवकों को डेढ़ लाख रुपये की सुपारी दी थी। पुलिस ने चारों को अदालत में पेश कर जेल भेज दिया है।
गत 5 दिसंबर को पुलिस ने गांव बाजड़ी के पास झाड़ियों में एक शव बरामद किया था। मृतक की पहचान डबुआ कॉलोनी निवासी राधेश्याम उर्फ खदेड़ू के रूप में हुई थी, जो कि बिजली का काम करता था।
राधेश्याम की गला दबाकर हत्या की गई थी। थाना मुजेसर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच जांच क्राइम ब्रांच डीएलएफ को सौंप दी थी। क्राइम ब्रांच प्रभारी अशोक कुमार ने बताया कि जांच के दौरान उन्होंने सेक्टर-21डी निवासी एक व्यक्ति को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया।
उसने बताया कि 4 दिसंबर को वह खदेड़ू को मिलने गया था। जब वह चलने लगा तो खदेड़ू उसकी मोटरसाइकिल पर बैठ गया और कहा कि थोड़ी दूर पर आशीष नाम का युवक खड़ा है। उसने उसके साथ बिजली का काम करने के लिए घर देखने जाना है।
उसने खदेड़ू को वहां छोड़ दिया। इसके बाद पुलिस टीम ने खदेड़ू के घर से कुछ ही दूरी पर रहने वाले आशीष को हिरासत में लिया। पूछताछ में उसने बताया कि प्रकाश के साथ मिलकर उसने खदेड़ू की हत्या की थी और प्रकाश को ही किसी ने उसे मारने की सुपारी दी थी।
युवक ने अस्पताल में तोड़ा दम
- फोटो : demo
आशीष की निशानदेही पर पुलिस ने प्रकाश को भी पकड़ लिया। प्रकाश ने खुलासा किया कि डबुआ सब्जी मंडी में सब्जी की रेहड़ी लगाने वाले उसके दोस्त कर्मबीर ने खदेड़ू को मारने के लिए उसे डेढ़ लाख रुपये में सुपारी दी थी।
कर्मबीर का खदेड़ू कर पत्नी पायल के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। कर्मबीर पायल से शादी करना चाहता था। पायल ने कर्मबीर से खदेड़ू को रास्ते से हटाने की बात कही। कर्मबीर ने खदेड़ की हत्या से पहले प्रकाश को 30 हजार रुपये दिए।
घटना वाले दिन आशीष खदेड़ू को मोटरसाइकिल पर बैठाकर बाजड़ी की तरफ ले गया। वहां प्रकाश पहले से मौजूद था। वहां दोनों ने चुन्नी से उसकी गला घोंट कर हत्या कर दी और फरार हो गए।
हत्या के बाद कर्मबीर ने प्रकाश को 40 हजार रुपये और दिए और बाकी रकम भी जल्द देने की बात कही थी। पुलिस ने प्रकाश की निशानदेही पर कर्मबीर और खदेड़ू की पत्नी पायल को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने चारों को अदालत में पेश कर दिया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया।