मेन मार्केट स्थित डाकघर में कर्मचारियों और एजेंटों की मिलीभगत से लाखों रुपये डकारने का आरोप लगाते हुए बुधवार को महिलाओं ने हंगामा किया। गुस्साई महिलाओं ने डाक विभाग के अधिकारियों और एजेटों के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की। जिसके कारण डाकघर का काम प्रभावित हुआ।
लोगों का गुस्सा देख दूसरे दिन भी एजेंटों ने दुकान नहीं खोली। सुभाष कॉलोनी की रहने वाली श्यामा, सविता, प्रेमलता ने बताया कि उन्होंने डाकघर में आवर्ती जमा मासिक योजना और भविष्य निधि योजना के तहत खाते खुलवाएं हुए हैं। इन खातों में हर माह रुपये डालने के लिए विभाग ने दो एजेंट नियुक्त कर रखे हैं।
इनकी दुकान डाकघर के सामने है। ये एजेंट लोगों से डाक घर की योजनाओं की किस्त जमा कराने के लिए रुपये ले लेते हैं, लेकिन एजेंटों ने कभी उन्हें रसीद नहीं दी। कुछ दिन पहले जब वे रुपये निकालने डाकघर आए तो डाक कर्मचारियों ने बताया कि उनके खातों में राशि जमा ही नहीं हुई है।
जब वे एजेंटों के पास गए तो उन्होंने डाक घर के कर्मचारियों पर आरोप लगाकर टरका दिया। हालांकि पुलिस ने रुपये डकारने वाले आरोपी कर्मचारियों और एजेंटों के खिलाफ कोई मामला दर्ज नहीं किया है।
पुलिस का कहना है कि अभी तक किसी उपभोक्ता ने कोई शिकायत नहीं मिली नहीं है। वहीं, लोगों की मांग पर डाक विभाग ने घोटाले की जांच के लिए दो अधिकारियों की टीम गठित कर दी है।