सराय रोहिल्ला इलाके में एक युवक की पत्थर मार कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच कर रही है। पुलिस ने इस बाबत हत्या का मामला दर्ज किया है।
मरने वाले युवक की पहचान अजमेर निवासी मुकेश (30) के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार रविवार सुबह छह बजे सूचना मिली कि रेलवे ट्रैक के पास एक युवक का शव पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि युवक का शव नग्न अवस्था में था।
उसके चेहरे को कुचला गया था। पुलिस के मुताबिक मुकेश गुब्बारे बेचने का काम करता था। पुलिस को आशंका है कि आपसी रंजिश की वजह से उसकी हत्या की गई है। फिलहाल पुलिस शव को परिजनों को सौंप कर मामले की जांच में जुटी है।