दिल्ली पुलिस किडनी लेने वाले और किडनी देने वालों को जल्द ही गिरफ्तार कर सकती है। दिल्ली पुलिस इस मामले में कानूनी सलाह दे रही है। पुलिस अधिकारी मानते हैं कि गैर कानूनी तरीके से किडनी लेने वाले व देने वाले दोनों को गिरफ्तार किया जा सकता है।
बताया जा रहा है कि किडनी लेने वाले जयपुर, जम्मू कश्मीर, गाजियाबाद व दिल्ली के रहने वाले हैं। पुलिस ने किडनी लेने वालों की पहचान कर ली है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दिल्ली पुलिस की टीमें जम्मू कश्मीर, जयपुर, गाजियाबाद व चैन्नई के लिए रवाना हो गई हैं या फिर रवाना होने वाली हैं। पुलिस किडनी लेने वालों से पूछताछ करने जा रही है।
आरोपी बर्थडे मनाकर खींचते थे फोटो
किड़नी रैकेट
- फोटो : अमर उजाला
किडनी लेने वाले तीन व्यक्ति पुलिस के लगातार संपर्क में हैं और उनकी एम्स में मेडिकल जांच करवाई जा रही है। दिल्ली पुलिस ने शनिवार को भी अपोलो अस्पताल में छापेमारी की थी और काफी कागजात बरामद किए हैं। दिल्ली पुलिस की टीमें जालंधर और कोयंबटूर भी जाएंगी।
किडनी रैकेट के आरोपी यहां हुए किडनी कांड के भी आरोपी हैं। हालांकि दिल्ली पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल दिल्ली पुलिस के सामने जो मामले सामने आए हैं, उन्हीं तक तफ्तीश को सीमित रखा जाएगा।
दूसरी तरफ आरोपियों ने खुलासा किया है कि आरोपी डोनर व प्राप्तकर्ता को एक जगह एकत्रित कर बर्थडे आदि सेलिब्रेशन करते थे। इसकी ये फोटो खींचते थे। इन फोटो को ये अस्पताल में जमा कराते थे और ये दिखाते कि वह एक ही परिवार के सदस्य हैं। दिल्ली पुलिस ने अपोलो अस्पताल से इस तरह के काफी फोटो बरामद किए हैं।