साइबर सिटी में चार बदमाशों ने दिल्ली के एक प्रापर्टी डीलर से उसकी कार की चाबी मांगी। पहले वह आनाकानी करता रहा। बाद में उसे चाबी मजबूरन देनी पड़ी। कारण, ऐसा था कि सुनकर भी दिल दहल जाए। दरअसल बदमाशों ने उनसे कहा कि यदि कार की चाबी तुरंत न दी तो उसे बुरी तरह गोलियों से भून दिया जाएगा महज एक कार की चाबी के लिए।
बदमाशों ने व्यापार केंद्र के पास दिल्ली निवासी एक प्रॉपर्टी डीलर से उसकी कार और मोबाइल लूट लिया। पीड़ित के अनुसार बदमाशों की संख्या चार बताई जा रही है। उसकी शिकायत पर पालम विहार थाना पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ संबंधित धाराओं में केस दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार दिल्ली के बिजवासन निवासी विनोद राणा प्रॉपर्टी का काम करते हैं।
यहां पालम विहार क्षेत्र में स्थित व्यापार केंद्र के गेट नंबर-तीन के सामने उनका शिवम प्रॉपर्टी के नाम से ऑफिस है। रविवार की शाम करीब 8:15 बजे जब वह घर जाने के लिए व्यापार केंद्र के गेट नंबर-तीन के सामने खड़ी अपनी सफेद रंग की फार्च्युनर कार के पास पहुंचा तो दो युवक अचानक उसके पास पहुंचे।
उनमें से एक ने कार की चाबी मांगी तथा दूसरे ने गोली मार देने की बात कही। इसके बाद उन्होंने उससे गाड़ी की चाबी व मोबाइल छीन लिया। उसके बाद दो युवक और मौके पर आ गए और वह चारों उसकी गाड़ी बिजवासन की तरफ लेकर फरार हो गए। गाड़ी में पीड़ित का पर्स रखा हुआ था, जिसमें पांच बैंकों के एटीएम कार्ड भी रखे हुए थे।
पीड़ित से सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने वायरलेस के जरिए अन्य थाना पुलिस को भी सूचना दी। कई जगह पुलिस ने नाकाबंदी भी की, लेकिन कार व बदमाशों का कहीं पता नहीं चला। जांच अधिकारी एएसआई संजीव ने बताया कि बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है। जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।