पंचवटी कालोनी के ऑफिसर्स ब्लॉक में शुक्रवार रात साढे़ दस बजे ट्रांसपोर्टर राहुल यादव के घर के बाहर उन पर जानलेवा हमला हुआ। राहुल यादव गाजियाबाद के चर्चित कपिल यादव हत्याकांड में गवाह हैं।
कार सवार चार आरोपियों और एक सरकारी गनर ने चार राउंड फायरिंग की। दो गोलियां उनकी कार पर मारी गईं, जबकि दो उन पर भी चलाई गईं। गनीमत रही की गोली उनको लगी नहीं।
परिजनों और राहगीरों की मदद से ट्रांसपोर्टर ने कार सवार चार युवकों को दबोच कर पास ही खड़ी कोतवाली पुलिस के हवाले किया। सूचना पर मौके पर पहुंचे एसपी सिटी और सीओ प्रथम ने जांच की।
राहुल यादव ने बताया कि वह घर में मौजूद थे। घर के सामने गार्डन में वैवाहिक सम्मेलन चल रहा था। फायरिंग की आवाज सुनाई दी तो उन्हें लगा की हर्ष फायरिंग हो रही होगी।
उन्होंने बाहर निकलकर देखा कि काले रंग की कार के पास चार युवक खडे़ थे, इनमें से एक कविनगर का हिस्ट्रीशीटर और दूसरा उसका साला था।
आरोप है कि हिस्ट्रीशीटर ने राहुल पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग की, दो गोलियां उनकी कार में लगी। राहुल ने शोर मचाया तो परिजन घर से बाहर आए और बदमाशों को खदेड़ लिया।
आरोपी कार से भाग रहे थे कि कालोनी के बाहर जाम लगा होने के कारण कार जाम में फंस गई। वह कार से निकलकर भागने लगे। आरोपियों के साथ में पुलिस की वर्दी में एक गनर भी मौजूद था।
राहुल यादव ने पब्लिक के साथ चार को दबोच लिया, गनर भाग गया। एसपी सिटी डॉ अजयपाल शर्मा का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। तीन लोग हिरासत में है। पूछताछ की जा रही है।
दूसरे पक्ष ने भी लगाया आरोप
पुलिस के मुताबिक हिरासत में लिए गए आरोपियों ने बताया कि वह कालोनी में आए थे। इस दौरान राहुल यादव ने अपनी कार उनकी कार के सामने खड़ी कर दी और गाली गलौज करने लगे। राहुल यादव के साथी हाथ में रायफल लेकर आए और फायरिंग की। हालांकि राहुल यादव ने इससे इंकार किया है।