दिल्ली के भजनपुरा में रविवार रात बाइक सवार दो बदमाशों ने पिस्टल दिखाकर सर्राफ को लूट लिया। थाने से करीब सौ मीटर की दूरी पर बदमाश वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
बदमाशों ने ज्वैलर से उस समय बैग छीन लिया, जब वह दुकान बंद कर रहा था। बैग में करीब 55-60 लाख के जेवरात व नकदी बताई जा रही है।
पुलिस के मुताबिक, मनोज जैन (45) की डिस्पेंसरी रोड पर ज्वैलर की दुकान है। वह रविवार रात करीब आठ बजे दुकान बंद कर घर जाने की तैयारी कर रहे थे। तभी उनके साथ यह घटना हो गई।
ऐसे हुई लूट
मनोज जैन ने करीब पौने दो किलो सोना, चांदी व नकदी बैग में रखी। वह बैग लेकर बाहर निकले और शटर बंद करने लगे। बैग उनके पैरों के पास रखा था, तभी बाइक सवार दो बदमाश वहां पहुंचे।
उन्होंने मनोज जैन को धक्का दिया और बैग लेकर भागने लगे। मनोज ने लूट का विरोध किया तो उन्होंने पिस्टल तान दी और बैग लेकर भाग गए।
मनोज जैन भजनपुरा के सी ब्लॉक की गली नंबर आठ में किराये पर रहते हैं। उनके परिवार में दो बेटियां और पत्नी हैं।
किडनी के बीमारी से पीड़ित है ज्वेलर
जैन किडनी की बीमारी से पीड़ित हैं। एक पड़ोसी दुकानदार ने बताया कि वह रोजाना सामान अपने घर ले जाते हैं। रविवार रात भी वह ऐसा ही कर रहे थे कि बदमाशों ने वारदात को अंजाम दे दिया।
वारदात की सूचना पाते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। घटना के कुछ समय बाद पुलिस के आला अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
पुलिस ने लूटपाट का मामला दर्ज कर बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि बदमाशों को जल्द पकड़ लिया जाएगा।