दरिंदगी की हद है। घर के बाहर खेल रही पांच साल की बच्ची को एक युवक उठा ले गया और दुष्कर्म के बाद उसे लहुलूहान हालत में डरा धमकाकर भगा दिया। बेटी को ढूंढने निकली मां को बच्ची सड़क पर रोते हुए मिली। महिला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वारदात शुक्रवार को मुजेसर थाना क्षेत्र में स्थित एक आबादी में हुई। इस आबादी में एक नेपाली परिवार रहता है।
मां के मुताबिक सुबह करीब दस-ग्यारह बजे के बीच वह घर की छत पर कपड़े धो रही थी। उसकी पांच साल की बेटी दरवाजे पर खेल रही थी। जब वह दीवार पर कपड़े सुखा रही थी तो पड़ोस में रहने वाली महिला ने बताया कि दस बारह घर छोड़कर रहने वाला तेज लांबा कुछ देर पहले उसकी बेटी को गोद में उठा कर ले गया है।
इस पर वह बेटी को खोजने के लिए बाहर निकलीं। उन्हें देखा कि बेटी तेज लांबा के घर से रोती हुई निकल रही है। बिलखती बच्ची ने मां को टूटे फूटे लफ्जों में आपबीती सुनाई। बच्ची के साथ दुष्कर्म की घटना की जानकारी होते ही आबादी में लोगों के बीच रोष व्याप्त हो गया, यह देख आरोपी भाग निकला। लोगों की सलाह पर पीड़ित महिला बच्ची को लेकर महिला थाने पहुंची। एसएचओ महिला थाना इंस्पेक्टर सुशील ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी।