बक्शा के लग्गूपर गांव में महिला की लाठी से पीटकर हत्या के बाद जांच करने पहुंचे एसपी अतुल सक्सेना।
स्थानीय थाना क्षेत्र के लग्गूपुर हसरौली गांव में शनिवार को मामूली बात को लेकर मनबढ़ों ने लाठी डंडे से पीटकर महिला की हत्या कर दी। पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया है। सभी हत्यारोपी घर से फरार हो गए हैं।
मृत महिला के पुत्र धर्मेंद्र गौतम ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि उनके मड़हे के पास पड़ोस का एक किशोर मना करने के बाद भी शौच कर दिया। उनकी मां समला देवी ने इसी बात का उलाहना देने गई थी। जिसपर मनबढ़ों ने लाठी डंडे से उनकी पिटाई कर दी।
पिटाई से समला देवी (52) जमीन पर गिर पड़ीं। उन्हें उठाकर एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया जहां डाक्टर ने मृत घोषित कर दिया। शव लेकर घर आए और पुलिस को सूचना दी। सूचना के काफी देर बाद मौके पर पहुंचे थानाध्यक्ष ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
धर्मेंद्र की तहरीर पर पुलिस ने लग्गूपुर गांव निवासी सुभाष, जयप्रकाश, उदयभान और आरती देवी पत्नी उदयराज के खिलाफ हत्या का केस दर्ज कर लिया है। सभी आरोपी घर से फरार हो गए हैं। सूचना पर एसपी अतुल सक्सेना, एसपी देहात अरुण कुमार श्रीवास्तव बक्शा थाने पहुंचे। एसपी ने कहा कि हत्यारोपियों के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। शीघ्र ही उनकी गिरफ्तारी भी कर ली जाएगी।