दिल्ली गेट स्थित कब्रिस्तान से दो माह के मासूम का शव रहस्यमयी हालत में गायब होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। दो दिन पहले हुई मौत के बाद परिवार ने बच्चे को कब्र में दफनाया था। बुधवार को जब बच्चे का पिता कब्र देखने पहुंचा तो उसके होश उड़ गये।
कब्र खुदी थी और उससे मुर्दा गायब था। आखिर दो माह के बच्चे के शव का कोई क्या करेगा। परिवार व आसपास के लोगों ने तंत्र मंत्र क्रिया के लिए शव को गायब करने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत कब्रिस्तान कमेटी के साथ-साथ पुलिस से की गयी है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गयी है।
जानकारी के मुताबिक हाफिज खान (46) सपरिवार पुरानी दिल्ली लालकुआं कटरा दीना बैग इलाके में रहता है। परिवार में पत्नी शायना बैगम(40), तीन बेटे और एक बेटी है। हाफिज के मुताबिक गत वर्ष नवंबर माह में उसकी पत्नी ने कस्तूरबा गांधी अस्पताल में एक बेटे को जन्म दिया था।
बच्चा स्वस्थ था और परिवार वालों ने उसका नाम दाउद खान रखा। गत तीन जनवरी की सुबह दाउद सुस्त पड़ गया। परिवार वालों ने उसे इलाज के लिए कस्तूरबा गांधी ले गये। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
उसी दिन दोपहर तीन बजे परिजन व रिश्तेदारों ने शव को दिल्ली गेट स्थित कब्रिस्तान में दफना दिया। हाफिज खान ने बताया कि अगले दिन वह बेटे के कब्र पर गया। कब्र देखकर उसके होश उड़ गये। कब्र का पत्थर हटा हुआ था और शव गायब था।
उसका आरोप है कि शव को जानबूझकर निकाला गया है। उसका आरोप है कि तंत्र-मंत्र के लिए शव को बाहर निकाला गया है। उसने कब्रिस्तान कमेटी व पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। पुलिस ने कब्रिस्तान कमेटी के सदस्यों से पूछताछ कर रही है।