नई दिल्ली के कंझावला इलाके में घरेलू विवाद में एक युवक अपनी पत्नी पर जानलेवा हमला कर फरार हो गया। आरोपी ने घटना के बाद पुलिस को फोन कर बताया कि उसने पत्नी की हत्या कर दी है और खुद जान देने के लिए जा रहा है।
मौके पर पहुंची पुलिस ने महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। वहीं पुलिस आरोपी की तलाश शुरू कर दी और उसे रेलवे ट्रैक के पास से दबोचकर कंझावला थाना पुलिस के हवाले कर दिया।
पुलिस के अनुसार, घायल महिला की पहचान प्रीति शर्मा (29) के रूप में हुई। वह पति भूपेंद्र के साथ घेवरा गांव में रहती है। 6 अप्रैल की रात 12 बजे पीसीआर को एक कॉल मिली। कॉल करने वाले ने बताया कि उसने अपनी पत्नी की हत्या कर दी है और वह खुदकुशी करने के लिए जा रहा है।
सूचना मिलते ही पुलिस बताए पते पर पहुंची लेकिन वह पता गलत निकला। पुलिस स्थानीय लोगों की मदद से एक मकान पर पहुंची। दरवाजा खटखटाने पर कमरे से कोई जवाब नहीं मिला। कमरे के अंदर जाने पर पुलिस को एक महिला जख्मी हालत में पड़ी मिली। उसके सिर और गर्दन पर गहरे जख्म थे। पीसीआर कर्मियों ने महिला को तुरंत पास के अस्पताल में भर्ती कराया।
उसके बाद पीसीआर कर्मी प्रीति के पति की तलाश में जुट गए। कुछ देर बाद पुलिस ने रेलवे लाइन के पास से आरोपी को दबोच कर स्थानीय पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ गंभीर चोट पहुंचाने का मामला दर्ज कर उससे पूछताछ की।
जांच के बाद पुलिस ने बताया कि दंपति के बीच किसी न किसी बात पर अकसर झगड़ा होता था। प्रीति ने इससे तंग आकर पति के खिलाफ घरेलू हिंसा की शिकायत दर्ज करवा दी थी। जिसकी वजह से भूपेंद्र उससे बदला लेना चाहता था। घटना वाली रात वह शराब के नशे में घर पहुंचा और हथौड़े जैसी किसी भारी वस्तु से पत्नी पर हमला कर दिया।
पत्नी के अचेत होने पर आरोपी को लगा कि वह मर चुकी है उसके बाद उसने पुलिस को इस बात की जानकारी देकर खुदकुशी करने के लिए चला गया। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि प्रीति अभी बयान देने की स्थिति में नहीं है। अस्पताल से छुट्टी मिलने के बाद पीड़िता का बयान दर्ज किया जाएगा।