बाहरी दिल्ली के समयपुर बादली इलाके में पारिवारिक कलह के चलते एक शख्स ने अपनी पत्नी नेहा (29) की गला रेतकर हत्या कर दी। वारदात के बाद से आरोपी प्रवीण राणा फरार है। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पुलिस के मुताबिक, मूलरूप से झज्जर, सिलाना गांव की रहने वाली नेहा का विवाह, समयपुर बादली, खेड़ा कलां गांव निवासी प्रवीण राणा से हुआ था। दंपति के चिराग और कार्तिक दो बेटे हैं। नेहा इलाके के एक निजी नर्सिंग होम में नौकरी करती है, जबकि फिलहाल प्रवीण बेरोजगार है।
बृहस्पतिवार सुबह 8.30 बजे प्रवीण ने नजदीक ही रहने वाले अपने भाई मनजीत को बताया कि उसने नेहा की गला रेतकर हत्या कर दी है। सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची और खून से लथपथ नेहा का शव बरामद किया।
छानबीन के दौरान पुलिस को पता चला कि बुधवार रात को प्रवीण व नेहा का झगड़ा हुआ था। बृहस्पतिवार सुबह नेहा ने जब बच्चों को स्कूल भेज दिया तो उसके बाद प्रवीण ने पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी।
दूसरी ओर नेहा के परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही प्रवीण नेहा को परेशान करता था। बेरोजगार होने के अलावा प्रवीण को शराब व जुए की लत थी। इस वजह से दोनों में अक्सर झगड़ा होता था।